गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल बुचई में शिक्षकों की भारी कमी. गणित व विज्ञान की पढ़ाई बाधित
झारखण्ड न्यूज24 बरकट्ठा
जया अहमद
बरकट्ठा। गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल बुचई में शिक्षकों की कमी को लेकर पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है. विद्यालय में वर्ग 6 से 9 तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। सत्र 2026-27 से विद्यालय में कक्षा 10 तक की पढ़ाई प्रारंभ की जानी है। बावजूद विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। इसकी जानकारी पंसस रेशमी देवी ने देते हुए कहा कि विद्यालय से पूर्व में कक्षा 6 से 8 तक के पारा शिक्षकों का चयन सहायक आचार्य के रूप में हो जाने के बाद विद्यालय में उच्च कक्षाओं के लिए विज्ञान के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।
वर्तमान स्थिति यह है कि विद्यालय में केवल कक्षा 1 से 5 के शिक्षक ही मौजूद हैं। जिसके कारण कक्षा 6 से 9 तक गणित एवं विज्ञान की पढ़ाई शत-प्रतिशत बाधित हो गई है। वर्तमान समय विद्यालय में लगभग तीन सौ बच्चे अध्यनरत हैं। अभिभावकों ने गणित एवं विज्ञान की पढ़ाई नहीं होने को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों के अभाव में बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। ग्रामीणों को उस समय एक बार फिर निराशा हाथ लगी जब सहायक आचार्य की पदस्थापना सूची जारी होने के बावजूद इस विद्यालय में एक भी नये शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई। जबकि जहां पहले से ही पर्याप्त मात्रा में शिक्षक हैं वहीं पुनः और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई। हाई स्कूल का दर्जा प्राप्त होने के बाद भी यहां केवल एक ही सरकारी शिक्षक एवं एक सहायक अध्यापक प्रतिनियोजित हैं। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से अविलंब गणित एवं विज्ञान विषय के शिक्षकों को नियुक्त करने कि मांग किया है।

