बरही की तीन बेटियों का एसजीएफआई अंडर-19 में चयन, राज्य और जिले का नाम किया रोशन
मध्यप्रदेश के शिवपुरी में 1 से 6 जनवरी तक होगा राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट, देशभर के राज्य लेंगे हिस्सा
बरही
बरही स्पोर्ट्स एसोसिएशन से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बरही प्रखंड की तीन प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) द्वारा आयोजित अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में न्यू कॉलोनी निवासी सोनम कुमारी पिता सकलदेव यादव, बरही सूर्य मंदिर निवासी अंकिता कुमारी पिता बिनोद यादव तथा सिंहपुर दुलमाहा की सोनी कुमारी पिता चंद्रदेव यादव शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी 10 दिसंबर से झारखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही थीं, जहां उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
यह अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 जनवरी से 6 जनवरी तक मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में भारत के सभी राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें कुल तीन लीग मैच और तीन नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों में सोनम कुमारी प्लस टू उच्च विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा हैं और टीम में बॉलर की भूमिका निभाती हैं। वहीं अंकिता कुमारी प्लस टू विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा हैं और वह भी बॉलर हैं। तीसरी खिलाड़ी सोनी कुमारी परियोजना बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा हैं, जो एक कुशल बल्लेबाज के रूप में टीम को मजबूती देंगी। इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे बरही स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संरक्षक अब्दुल मनान वारसी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो लगातार उन्हें प्रशिक्षण देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में अपार प्रतिभा है और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
खिलाड़ियों के चयन से बरही प्रखंड सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेलप्रेमियों और ग्रामीणों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। तीनों खिलाड़ियों के चयन पर बरही विधायक मनोज कुमार यादव, कांग्रेस पूर्व प्रत्याशी बरही विधानसभा अरूण साहू, बरही एसडीओ जोहन टुड्डू, बरही एसडीपीओ अजित कुमार बिमल, व्यवसायी संघ अध्यक्ष कपिल केशरी, प्रमुख मनोज रजक, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, बीडीओ जयपाल महतो, सीओ चंद्रशेखर कुणाल, पुनि सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार, बीएसए संरक्षक अब्दुल मनान वारसी, बीएसए अध्यक्ष नौशाद अहमद, सचिव बलराम केशरी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र राणा, भाजपा नेता रंजीत चंद्रवंशी, कुलदीप कुमार, मनोज केशरी, धर्मपाल केशरी, मुकेश मधेशिया, बसंत ठाकुर, रौशन राणा, अनिल रजक, राजू राणा, मुखिया सिकंदर राणा, अभिषेक निषाद सहित कई जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने बधाई दी है।

