धनवार पंचायत में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन
एसडीओ, एसडीपीओ व स्थानीय मुखिया ने किया शुभारंभ, पंचायत में कई मामलों का हुआ त्वरित निष्पादन
बरही
बरही प्रखंड के धनवार पंचायत के कोरियाडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गुरुवार को आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन एसडीओ जोहन टुडू, एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल, जीप उपाध्यक्ष किशुन यादव, प्रमुख मनोज रजक, बीडीओ जयपाल महतो, सीओ चन्द्रशेखर कुणाल, पंचायत के मुखिया राजेंद्र प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता ममता देवी, पंसस संतोषी कुमारी, बीसीओ संजय यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को उनकी जरूरत के अनुरूप कई लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मौके पर वृद्धावस्था पेंशन, विधवा व दिव्यांग पेंशन, अबुआ आवास योजना, राशन कार्ड, स्वास्थ्य योजनाओं, किसान सम्मान निधि तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन स्वीकार किए गए और कई लाभार्थियों को मौके पर ही प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग और छात्र कार्यक्रम में उपस्थित रहे। एसडीओ जोहन टुडू ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे ये शिविर ग्रामीणों को उनका हक और अधिकार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मुखिया राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार जैसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इससे आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके ही गांव में उपलब्ध होती है और लोगों को प्रखंड या जिला कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। हमारी पूरी कोशिश है कि पंचायत के प्रत्येक पात्र परिवार तक सभी योजनाओं का लाभ पहुँचाया जाए। मौके पर प्रकाश साव, ब्रह्मदेव यादव, अजय कुशवहा, नरेश प्रसाद, अरविंद प्रसाद, उमेश यादव, रामजी प्रसाद, उपेंद्र प्रसाद, जगदीश महतो, सुरेंद्र प्रसाद, शम्भू महतो, भवानी कुमार समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

