भारत की एकता और अखंडता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है : भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी
झारखंड न्यूज़ 24, फतेहपुर।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जामताड़ा जिले में इस अभियान की शुरुआत पहले बूथ न आगेया, सारमुंडी से हुई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने की।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि 31 अक्टूबर को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। यह कार्यक्रम सरदार पटेल के योगदान को नमन करने और देश की एकता-अखंडता के संकल्प को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि “भारत की एकता और अखंडता ही हमारी असली पहचान है, इसे बनाए रखना हर नागरिक का परम कर्तव्य है।”
कार्यक्रम प्रभारी भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि “सरदार पटेल ने जिस भारत का सपना देखा था, वह विविधता में एकता वाला भारत था। उन्होंने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। उनका योगदान केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक भी है।” उन्होंने कहा कि आज जब समाज में विभाजन की आवाज़ें उठती हैं, तब सरदार पटेल की दूरदृष्टि हमें एकता और समरसता का संदेश देती है।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री दिलीप कुमार हेंब्रम, नितेश कुमार शाह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता विष्णु मंडल, कुंडहित मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल, बिंदापाथर मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, फतेहपुर मंडल अध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी, राम सिंह यादव, कृष्णा महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं युवा-युवतियों ने भाग लिया।
‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से युवाओं ने संदेश दिया कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को साकार करना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है।

