नारायणपुर में शब-ए-बरात का हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन,मस्जिदों में रातभर हुई इबादत।
नारायणपुर (जामताड़ा) :
नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में शब-ए-बरात पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महतोडीह, कोरीडीह, मोहडार, ईदगाह टोला, पतरोडीह, गोकुला, चरकपानी समेत कई गांवों की मस्जिदों में रातभर विशेष इबादत का आयोजन हुआ। दिन भर घरों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे कुरान पाक की तिलावत, दुआ-फातिहा और अन्य इबादतों में मशगूल रहे। पर्व से इलाके में उत्साह का खास माहौल रहा। ग्रामीणों ने मस्जिदों व धर्मस्थलों की साफ-सफाई के साथ आधुनिक झिलमिलाती लाइटों से शानदार सजावट की।
रात को सभी मुसलमानों ने मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की। फज्र की नमाज से पहले कब्रिस्तानों पर पहुंचकर गुनाहों की तौबा की। यह पर्व रमजान की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। खासतौर पर कोरीडीह, मोहडार की कादरी मस्जिद में विशेष सजावट का शानदार इंतजाम हुआ। ऊंची मीनारों पर रंग-बिरंगी लाइटें चमकती रहीं, जो दूर-दूर तक आकर्षण का केंद्र बनीं।कादरी मस्जिद के इमाम जाकिर हुसैन ने कहा, “यह बरकतों भरी रात है, जहां अल्लाह से माफी और नेकी की दुआ मांगी जाती है।” उन्होंने शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की। ग्रामीणों ने इबादत में डटकर पर्व को यादगार बनाया।

