30 हजार सैलानियों के बाद नेतरहाट में चला स्वच्छता अभियान, पर्यटन स्थलों की सामूहिक सफाई
बब्लू खान
लातेहार।
दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह और नववर्ष के अवसर पर झारखंड की प्रसिद्ध पहाड़ी नगरी नेतरहाट में अनुमानित 30 हजार पर्यटकों का आगमन हुआ। पर्यटकों की भारी भीड़ से जहां पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि हुई, वहीं कई प्रमुख दर्शनीय स्थलों पर कचरा और प्लास्टिक का अंबार भी लग गया।
इसी को देखते हुए 6 जनवरी को लातेहार टूरिज्म (रजि) के आह्वान पर नेतरहाट होटल ऑनर एसोसिएशन, पर्यटन व्यवसायियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सनराइज प्वाइंट, नेतरहाट डैम, कोयल व्यू प्वाइंट, अपर घाघरी जलप्रपात समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर जमा प्लास्टिक, बोतलें, पॉलिथीन व अन्य अपशिष्ट को हटाया गया।
लातेहार टूरिज्म के गोविंद पाठक ने कहा कि नेतरहाट वासियों ने यह साबित कर दिया कि पर्यटन केवल भीड़ और व्यापार तक सीमित नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विषय भी है। यह स्वच्छता अभियान प्राकृतिक धरोहर को संजोने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
उन्होंने बताया कि अभियान में झारखंड पुलिस के होम गार्ड जवान, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग, समाजसेवी और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सफाई के साथ-साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर लातेहार पर्यटन विशेषज्ञ अभिजीत कुमार, समाजसेवी अजय प्रसाद, नेतरहाट होटल ओनर एसोसिएशन के सदस्य एवं होम गार्ड के जवान स्वयं मैदान में उतरकर सफाई कार्य में जुटे रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि नेतरहाट की पहचान उसकी हरियाली, शांति और स्वच्छ वातावरण से है। यदि इन मूल तत्वों की रक्षा नहीं की गई, तो पर्यटन का भविष्य भी खतरे में पड़ सकता है।

