मनरेगा पर हमला, गांधी-अंबेडकर के विचारों पर वार—भाजपा की जनविरोधी नीति के खिलाफ कांग्रेस का उपवास
बब्लू खान
लातेहार।
केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा जैसी गरीबों की जीवनरेखा योजना को कमजोर करने और उसका नाम बदलकर वाईबी ग्राम रोजगार योजना किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। स्वामी विवेकानंद पार्क, लातेहार में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय उपवास का आयोजन किया गया। उपवास कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने की। यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह केवल नाम बदलने की कवायद नहीं, बल्कि मनरेगा को समाप्त करने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा को योजनाओं से हटाकर गरीबों और मजदूरों के अधिकार छीनना चाहती है।
*जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने कहा कि*
> “भाजपा सरकार गरीबों की थाली से रोटी छीनने का काम कर रही है। मनरेगा मजदूरों की आख़िरी उम्मीद है, जिसे नाम बदलकर खत्म करने की तैयारी चल रही है। यह गांधी और अंबेडकर दोनों के विचारों पर सीधा हमला है।”
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित कुमार यादव ने भाजपा सरकार को मजदूर विरोधी करार देते हुए कहा कि
“नाम बदलने से इतिहास नहीं बदलता। गांधी जी का नाम मिटाकर भाजपा गरीबों का हक नहीं छीन सकती। यह सरकार कॉरपोरेट की हितैषी और मजदूरों की दुश्मन बन चुकी है।”
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने मनरेगा से छेड़छाड़ बंद नहीं की तो आंदोलन और तेज होगा। जिला अध्यक्ष ने साफ कहा कि
> “अब सिर्फ उपवास नहीं, सड़क से सदन तक संघर्ष होगा। प्रखंड स्तर से लेकर विधानसभा तक भाजपा सरकार का घेराव किया जाएगा।”
उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस के बृंदा प्रसाद यादव, मोती उरांव, अमित कुमार यादव, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष रंजीत गंझू, हरि शंकर यादव, मोहम्मद साजिद, फूलचन यादव, सुनील प्रसाद, मोहम्मद अरशद, इमरान अंसारी, विश्वनाथ पासवान, कृष्णा यादव, दीपक कुमार यादव, मनोज पासवान, मंजू देवी, शीला देवी, सोनिया देवी, मोहम्मद अमीर हयात, असगर खान, नरेश यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई और मजदूर हितों की रक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई का संकल्प लिया गया।

