झारखंड सीजीएल में मनातू के कमलेश कुमार यादव को बड़ी सफलता,
वित्त विभाग झारखंड मंत्रालय में बने सहायक प्रशाखा पदाधिकारी को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित करते प्रखंड के लोग!
मनातू (पलामू)।
थाना मनातू क्षेत्र के ग्राम मसूरिया निवासी कमलेश कुमार, पिता विशुनदेव यादव ने झारखंड सीजीएल परीक्षा में सफलता हासिल कर वित्त विभाग, झारखंड मंत्रालय रांची में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव, प्रखंड और पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इससे पूर्व कमलेश कुमार ने जेपीएससी और बीपीएससी की मेंस परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की थी, हालांकि कुछ अंकों से अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं मिल सका। बावजूद इसके उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर मेहनत करते रहे, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
परिवार में शिक्षा और संघर्ष की यह परंपरा यहीं नहीं रुकी। वर्ष 2021 में उनके छोटे भाई प्रभु कुमार यादव ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, पलामू में एमबीबीएस में दाखिला लिया और डॉक्टर बनने का सपना साकार किया।
कमलेश कुमार की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई। इसके बाद इंटरमीडिएट बी.एन. कॉलेज डाल्टनगंज तथा स्नातक की पढ़ाई जेएलए कॉलेज डाल्टनगंज से पूरी की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वे पहले पटना और बाद में रांची गए।
इस सफलता में बड़े भाई संतोष यादव एवं पिता का अहम योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से दोनों भाइयों ने उच्च मुकाम हासिल किया। कमलेश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों एवं शिक्षकों को दिया है।
इस अवसर पर बड़े भाई एवं बीस सूत्री उपाध्यक्ष सीना यादव, जीजा एवं सरकारी शिक्षक सौरभ कुमार मुन्ना, संघर्ष के साथी पठालाल यादव तथा गायक छोटू राजा ने गुलदस्ता भेंट कर उन्हें बधाई दी।

