अमृत भारत रेलवे स्टेशन का हश्र शुरू से ही उजागर, पहले भी उठ चुके हैं सवाल
हैदरनगर,पलामू:
हैदरनगर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किए जाने के बावजूद जमीनी हालात बदतर होते जा रहे हैं। प्लेटफार्म नंबर-1 पर अधिकांश एलईडी बल्ब फ्यूज पड़े हैं, जिससे यात्रियों को अंधेरे में ट्रेन पकड़ने और उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस स्टेशन की अव्यवस्थाओं को लेकर अखबार में खबर प्रकाशित हो चुकी है, जिसमें साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया गया था।
बावजूद इसके रेलवे प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। रात के समय बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। भारी सामान लेकर चल रहे यात्रियों के फिसलने और गिरने की घटनाएं आम होती जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब भी मौन साधे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, तो ऐसी लापरवाही बेहद शर्मनाक है। यात्रियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सभी फ्यूज बल्ब बदले जाएं और स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

