रांची-
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पटना में आयोजित इंडी एलायंस की सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति गठबंधन की मज़बूती के लिए नहीं, बल्कि झारखंड में अपनी सत्ता को बचाए रखने की एक मजबूरी थी। प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सभा में भाषण के दौरान एसआईआर का पूरा अर्थ गलत तरीके से स्पेशल इंसेंटिव रिवीजन बताया, जबकि इसका सही रूप स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में यह गलती चार बार दोहराई, जो यह दर्शाता है कि हेमंत सोरेन को हर मुद्दे में केवल परसेंटेज और इंसेंटिव ही नज़र आता है। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को इंडी एलायंस ने बिहार में एक भी सीट नहीं दी और न ही बैठकों में आमंत्रण दिया गया। इसके बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सभा में शामिल हुए, जो झारखंड की अस्मिता के साथ विश्वासघात के समान है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि बड़े बे-आबरू होकर तेरे कूचे से निकले हम की कहावत इस परिस्थिति पर पूरी तरह सटीक बैठती है। भाजपा का मानना है कि मुख्यमंत्री की यह राजनीतिक उपस्थिति झारखंड की जनता के हितों की अनदेखी कर केवल व्यक्तिगत और राजनीतिक स्वार्थ साधने की कोशिश है।