Ad image

आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष

jharkhandnews024@gmail.com
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now

आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष

बूथ कार्यकर्ता से शीर्ष नेतृत्व तक का सफर, निर्विरोध हुआ निर्वाचन

रांची

भारतीय जनता पार्टी की झारखंड प्रदेश इकाई को बुधवार को नया अध्यक्ष मिल गया। राज्यसभा सांसद एवं वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा पार्टी के केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे की। आदित्य साहू ने मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण उनका निर्वाचन निर्विरोध घोषित किया गया। निर्वाचन की घोषणा के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद बीडी राम सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- Advertisement -

राष्ट्रीय परिषद के लिए 21 सदस्यों के नाम घोषित

इसी अवसर पर केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम ने भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए झारखंड से 21 सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। इनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतू चरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं।

बूथ कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर

- Advertisement -

भाजपा लंबे समय से यह दावा करती रही है कि उसका एक-एक बूथ कार्यकर्ता भी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है। आदित्य साहू की राजनीतिक यात्रा इस बात की सशक्त मिसाल है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1980 में ओरमांझी प्रखंड के कुचू गांव से एक बूथ कार्यकर्ता के रूप में की थी। करीब 46 वर्षों के लंबे संगठनात्मक संघर्ष, अनुभव और समर्पण के बाद वे आज प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं। पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास जैसे नेताओं के मार्गदर्शन में आदित्य साहू ने संगठन के विभिन्न स्तरों पर कार्य किया। वे झारखंड प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। किसी गुट से न जुड़े रहने के बावजूद उनकी छवि एक सरल, अनुशासित और कार्यकर्ताओं से जुड़े नेता की रही है।

शिक्षा जगत से राजनीति तक

61 वर्षीय आदित्य साहू राजनीति के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र से भी लंबे समय तक जुड़े रहे हैं। वे वर्ष 2019 तक रामटहल चौधरी कॉलेज में व्याख्याता के रूप में कार्यरत थे। वर्तमान में वे झारखंड से राज्यसभा सांसद हैं और हाल ही में उन्हें प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।

बधाइयों का सिलसिला

- Advertisement -

आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों और शुभकामनाओं का तांता लग गया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल की सराहना की है। राज पलिवार ने सोशल मीडिया पर शुभकामना संदेश देते हुए लिखा कि झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू जी को निर्विरोध निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

बाबूलाल मरांडी की जगह संभालेंगे कमान

आदित्य साहू अब बाबूलाल मरांडी की जगह झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी सरल कार्यशैली, मजबूत संगठनात्मक पकड़ और कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव उन्हें पार्टी के भीतर और जमीनी स्तर पर अत्यंत लोकप्रिय बनाता है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में झारखंड भाजपा को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *