बाबूलाल अभी भी खुमारी में हैं : राकेश सिन्हा
रांची
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयानों पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी अपने राजनीतिक दायित्वों का निर्वहन प्रशासन को कटघरे में खड़ा करके करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कार्यशैली लगातार प्रशासन के प्रति नकारात्मक रही है और वे दबाव बनाकर अपने स्वार्थ की पूर्ति करना चाहते हैं। राकेश सिन्हा ने कहा कि दो बच्चों की बरामदगी खुशी की बात है, जो रांची प्रशासन की सक्रियता और संजीदगी का परिणाम है।
उन्होंने सामाजिक संगठनों और समाचार पत्रों की भी सराहना की, लेकिन यह भी कहा कि बिना प्रशासन के सहयोग के यह संभव नहीं था। सिन्हा ने आरोप लगाया कि प्रशासन की नकारात्मक छवि प्रस्तुत करना बाबूलाल मरांडी की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज है और कानून सबके लिए समान है। ईडी के मामलों पर भाजपा नेताओं के बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सीबीआई के माध्यम से राज्य सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है।

