मुख्यमंत्री ने आईपीएस रैंक में प्रोन्नत अधिकारियों को दी बधाई, बैच पहनाकर किया सम्मानित
रांची
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) रैंक में पदोन्नत अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने बैच पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिष्टाचार भेंट के दौरान श्री राम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा एवं दीपक कुमार उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को आईपीएस रैंक में पदोन्नति मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये अधिकारी राज्य में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इस सम्मान समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा भी उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत आईपीएस अधिकारियों को बैच पहनाकर सम्मानित किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

