मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने गुरुनानक जयंती के अवसर पर आयोजित “प्रकाश उत्सव” में की शिरकत
रांची
गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रांची के पी.पी. कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल में 556वां प्रकाश उत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन विशेष रूप से उपस्थित हुए। मुख्यमंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर समस्त झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस शुभ अवसर पर पूरे सिख समुदाय सहित राज्य के सभी नागरिकों को गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रकाश उत्सव समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज का दिन बहुत ही पवित्र और प्रेरणादायक है। हर वर्ष मैं इस अवसर पर यहां उपस्थित होकर अपार हर्ष का अनुभव करता हूं। गुरुनानक देव जी का संदेश हमें एकता, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी के विचारों और वचनों में सामाजिक एकता एवं मानव सेवा का गहरा संदेश निहित है। गुरुनानक देव जी सिर्फ सिख समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी दूरदर्शी सोच और उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त समाज के निर्माण की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है,” मुख्यमंत्री ने कहा।
एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ना ही सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गुरुनानक देव जी के कर्म और समर्पण से हमें यह सीख मिलती है कि एक-दूसरे का हाथ थामकर, एकसूत्र में बंधकर आगे बढ़ना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आज इस प्रकाश उत्सव’ में पूरे राज्य से श्रद्धालु पहुंचे हैं — यह गुरुनानक देव जी के प्रति उनकी सच्ची आस्था और प्रेम का प्रमाण है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति और सिख समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और समाज के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष श्री ज्योति सिंह मथारू, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, रांची के प्रेसिडेंट श्री रणजीत सिंह हैप्पी, गुरुद्वारा मेन रोड, रांची के सचिव श्री गगनदीप सिंह सेठी, सहित सिख समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि गुरुनानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलकर हम सब मिलकर झारखंड और देश को शांति, सद्भावना और विकास के पथ पर अग्रसर कर सकते हैं।

