झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद JSSC संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा परिणाम व नियुक्ति प्रक्रिया पर लगी रोक हटते ही अभ्यर्थियों में खुशी की लहर, सैकड़ों युवा पहुंचे मुख्यमंत्री आवास
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन के प्रति व्यक्त किया आभार
रांची
झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा JSSC संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा के परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया पर लगी रोक हटाए जाने के आदेश के बाद राज्यभर के सैकड़ों अभ्यर्थी आज ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची पहुंचे। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया।
निष्पक्ष जांच और न्याय की जीत : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि JSSC CGL परीक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच कराई गई है। परीक्षा की पारदर्शिता को दागदार करने की साजिश करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि अदालत ने न केवल सरकार की निष्पक्ष जांच पर भरोसा जताया, बल्कि अभ्यर्थियों के ईमानदार प्रयासों और भावनाओं का सम्मान भी किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
18 वर्षों की तुलना में हमारी सरकार ने 5 वर्षों में अधिक परीक्षाएं ली
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग ने पिछले 18 वर्षों में जितनी भी सिविल सेवा परीक्षाएं आयोजित कीं, उतनी परीक्षाएं राज्य सरकार ने मात्र पिछले 5 वर्षों में ही पूरी करा लीं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्षों की कई परीक्षाओं में धांधली की शिकायतें सामने आती रहीं, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं बेदाग और पारदर्शी रही हैं।
अगर इरादे नेक हों, तो हर चीज बेहतर होती है
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि अगर इरादे नेक हों तो हर चीजें बेहतर होती है। थोड़ी देर से सही, पर अब सारी अड़चनें दूर हो चुकी हैं। आज आप सभी को लंबे संघर्ष के बाद सफलता मिली है इस खुशी में हम सब शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को मजबूत बनाने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। जब युवा खुश होंगे तभी राज्य खुशहाल होगा।
सरकार के समर्थन ने दिलाया विश्वास : अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि JSSC CGL परीक्षा से जुड़े पूरे मामले में मुख्यमंत्री के अथक प्रयास, राज्य सरकार की निष्पक्ष जांच, तथा दोषियों पर हुई कार्रवाई के कारण उन्हें न्याय मिल पाया है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली जीत में सरकार का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।

