अमर्यादित बयान से भाजपा की मानसिकता उजागर : सोनाल शांति
रांची
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर की गई टिप्पणी को निम्न स्तरीय और अमर्यादित बताया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह की भाषा का प्रयोग भाजपा की राजनीतिक संस्कृति और मानसिकता को दर्शाता है। सोनाल शांति ने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की राजनीति में अवसरवाद और दोहरे चरित्र का परिचय दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रघुवर सरकार के कार्यकाल में युवाओं, महिलाओं और छात्रों में निराशा फैली थी, जबकि महागठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में विकास, नियुक्तियां और महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में अब तक लगभग 70 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं और आने वाले समय में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष को इस सकारात्मक बदलाव से घबराने के बजाय लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करना चाहिए।

