मुख्यमंत्री से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का कुमारी की शिष्टाचार भेंट, राज्य सरकार ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
रांची
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में झारखंड की प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और हौसला अफजाई की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अनुष्का से कहा कि नया वर्ष उनके लिए उपलब्धियों से भरा हो। वे अपने खेल के दम पर देश और दुनिया में एक अलग पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड को अनुष्का जैसी प्रतिभावान खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें हैं और राज्य सरकार उनके हर कदम पर साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य में खेल का बेहतरीन वातावरण तैयार करने तथा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक हर सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अनुष्का कुमारी के पैतृक गांव रुक्का (ओरमांझी प्रखंड, रांची) में एक खेल मैदान का विकास सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उनके परिजनों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी समुचित कदम उठाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए। हर हाल में खिलाड़ियों की क्षमता को सामने लाकर उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अनुष्का कुमारी ने अपने अब तक के खेल सफर और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि अनुष्का कुमारी ने गरीबी और कठिन परिस्थितियों के बीच संघर्ष करते हुए फुटबॉल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज वे अपनी शानदार गोल स्कोरिंग क्षमता के कारण “द गोल मशीन” के नाम से जानी जाती हैं। उनके पिता श्री दिलेश मुंडा दिव्यांग हैं, जबकि माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। परिवार की सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद अनुष्का ने अपने जुनून और मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया है।
अनुष्का कुमारी ने कम उम्र में ही कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में उन्हें फुटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया था। वे आगामी मार्च माह में चीन में आयोजित एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में एक बार फिर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पूर्व वे भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता रही भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं, जहां उन्होंने सर्वाधिक सात गोल कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी जीता था। इसके अलावा, 2024 में नेपाल में आयोजित अंडर-16 सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में उपविजेता रही भारतीय टीम की भी वे सदस्य रही हैं।
वर्तमान में अनुष्का कुमारी आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग में प्रशिक्षण ले रही हैं और इसी वर्ष दसवीं की परीक्षा में शामिल होंगी। उनकी सफलता झारखंड की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।

