न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक बने झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दिलाई शपथ, मुख्यमंत्री रहे मौजूद
रांची
झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में माननीय न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने आज पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राजधानी रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें शपथ दिलाई। इस गरिमामय अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश को बधाई देते हुए उनके सफल एवं न्यायप्रिय कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, माननीय विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अतिरिक्त झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी, उच्च न्यायालय के पदाधिकारी, वरीय अधिवक्ता तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सोनक के अनुभव और नेतृत्व से झारखंड उच्च न्यायालय की न्यायिक कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा आम लोगों को न्याय सुलभ कराने में नई दिशा मिलेगी। समारोह सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

