मनरेगा बनाम वीबी-जी राम जी पर कांग्रेस नेता का हमला, मजदूर विरोधी नीति का आरोप
रांची
कांग्रेस नेता विजय शंकर नायक ने मनरेगा और प्रस्तावित वीबी-जी राम जी (वीबी-ग्राम रोजगार गारंटी मिशन) को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मनरेगा एक कानूनी अधिकार आधारित योजना है, जिसने झारखंड के आदिवासी, दलित और भूमिहीन मजदूरों को रोजगार, सम्मान और पलायन से राहत दी, जबकि वीबी-जी राम जी मनरेगा का कमजोर रूप है, जो मजदूरों के अधिकारों पर सीधा प्रहार करता है।
नायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा के बजट में लगातार कटौती कर रही है और अब नाम बदलकर इसे राज्यों पर थोपने की कोशिश की जा रही है। इससे झारखंड जैसे आर्थिक रूप से कमजोर राज्य पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी में रोजगार की कोई कानूनी गारंटी नहीं है और यह योजना बुजुर्गों, महिलाओं, अशिक्षित और दिव्यांग मजदूरों को हाशिये पर धकेल देगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मनरेगा ने झारखंड में जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और आदिवासी स्वशासन को मजबूत किया है, जबकि नई योजना से ग्राम सभा की भूमिका कमजोर होगी। उन्होंने इसे दलित-आदिवासी और गरीब मजदूर विरोधी एजेंडा बताते हुए मांग की कि मनरेगा को और मजबूत किया जाए, फंडिंग में कटौती बंद हो और मजदूरों के अधिकारों से कोई समझौता न किया जाए।l

