राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया पुष्प अर्पण
रांची
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों द्वारा बापू के प्रिय भजन एवं रामधुन की प्रस्तुति दी गई। भजनों की मधुर धुनों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित उपस्थित सभी गणमान्य लोग भावविभोर नजर आए और गांधीजी के आदर्शों को स्मरण किया।
मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को स्मरण कर रहा है। उनका जीवन समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा और त्याग का मार्ग आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना स्वतंत्रता संग्राम के समय था। इस अवसर पर राज्यपाल ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु, स्मृति शेष स्व० शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि स्व० शिबू सोरेन का झारखंड राज्य निर्माण में अहम योगदान रहा है और उनका नाम सदैव अमर रहेगा। यह सम्मान झारखंड के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। वहीं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरा देश उन्हें श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है। गांधीजी का व्यक्तित्व, जीवन दर्शन, त्याग, संघर्ष और आदर्श न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही समृद्ध राज्य, विकसित देश और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

