जगरनाथपुर से अपहृत दो मासूम बच्चों की सकुशल बरामदगी, दो आरोपी हिरासत में
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार को सभी आवश्यक सरकारी योजनाओं से जोड़ने का दिया निर्देश
रांची
महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देशन में झारखंड पुलिस ने त्वरित और सशक्त कार्रवाई करते हुए जगरनाथपुर मौसीबाड़ी रांची से अपहृत दो मासूम बच्चों अंश कुमार उम्र 5 वर्ष एवं अंशिका कुमारी उम्र 4 वर्ष को सकुशल एवं स्वस्थ अवस्था में बरामद कर लिया है। इस मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। मामले के संबंध में बच्चों के पिता सुनील कुमार द्वारा धुर्वा थाना में कांड संख्या 01/26 दिनांक 3 जनवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम में पुलिस अधीक्षक, नगर एवं पुलिस अधीक्षक, यातायात के सहयोग से रांची जिले के कुल 48 पुलिस पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रांची पुलिस द्वारा कांड के उद्भेदन हेतु सभी संभावित पहलुओं पर गहन अनुसंधान किया गया। जांच के दौरान 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया तथा 5,000 से अधिक वाहनों का सत्यापन कर उनकी संलिप्तता की जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। अपहृत बच्चों की बरामदगी के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। सूचना देने वालों के लिए प्रति बच्चे 2 लाख रुपये, कुल 4 लाख रुपये की इनाम राशि की घोषणा की गई। इसके पश्चात आम जनता से बच्चों से संबंधित सूचनाओं के लिए प्रतिदिन 1,000 से अधिक कॉल प्राप्त हुए, जिनका पुलिस द्वारा लगातार संज्ञान लिया गया। जांच के क्रम में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित कुल 12 राज्यों में पुलिस टीमों को भेजा गया। विभिन्न राज्यों में ऐसे ही कांडों से जुड़े आरोपपत्रित अभियुक्तों का सत्यापन कर इस घटना से संभावित संबंधों की जांच की गई। झारखंड के विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टेंपू स्टैंड, हाट-बाजार सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाकर प्रचार-प्रसार किया गया। इसके अतिरिक्त जगरनाथपुर एवं धुर्वा थाना क्षेत्र में ड्रोन कैमरों की सहायता से सुदूर एवं संदिग्ध क्षेत्रों की निगरानी की गई। कांड के उद्भेदन में डॉग स्क्वॉयड की टीम से भी सहयोग लिया गया। महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक, सीआईडी द्वारा पूरे देश में ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया गया।
विभिन्न बाल संगठनों ने भी सूचना प्रसारण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपर पुलिस महानिदेशक, दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा लगातार कांड की समीक्षा करते हुए विशेष टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे। इसी क्रम में 14 जनवरी 2026 की सुबह रांची पुलिस ने व्यापक छापामारी एवं तलाशी अभियान चलाते हुए रामगढ़ जिले के चितरपुर क्षेत्र से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद किया। बच्चों की पहचान उनके माता-पिता द्वारा की गई। फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। रांची पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों एवं उनके ठिकानों की पहचान कर बड़े पैमाने पर छापामारी की जा रही है। झारखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह जनता के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ आम जन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इस सफलता पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मां और परिवार ही इस पल की असीमित खुशी को सही मायनों में महसूस कर सकता है। झारखंड पुलिस की टीम को इस शानदार सफलता के लिए पुनः हार्दिक बधाई। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अंश और अंशिका के परिवार को सभी आवश्यक सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु रांची जिला प्रशासन आवश्यक कदम उठाए।

