नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम बैच का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हुए शामिल
नए मेडिकल कॉलेजों से सुदृढ़ होगा राज्य का हेल्थ इको सिस्टम : हेमंत सोरेन
सरायकेला/खरसावां
झारखंड के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सरायकेला-खरसावां में एमबीबीएस पाठ्यक्रम (प्रथम बैच) के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे अपेक्षाकृत छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है। ऐसे संस्थानों के खुलने से न केवल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक और स्वास्थ्य वातावरण का निर्माण भी होगा।
आप समाज के लिए बेहतर चिकित्सक बनेंगे
एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच में नामांकित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष यहां नया बैच आएगा और आगामी पांच वर्षों में यह मेडिकल कॉलेज पूरी तरह विकसित स्वरूप ले लेगा। जब विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पूरी कर यहां से निकलेंगे, तब समाज को उनसे काफी उम्मीदें होंगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये छात्र एक अच्छे और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।
राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार निरंतर प्रयासरत है। राज्य में एक मजबूत “हेल्थ इको सिस्टम” तैयार किया जा रहा है, जहां बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक इलाज की सुविधा भी उपलब्ध हो सके। सरकार का लक्ष्य है कि आम लोगों को इलाज के लिए बाहर के राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
अगले 5 वर्षों में 25 से 30 मेडिकल कॉलेज का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 25 से 30 करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि इस राह में कई चुनौतियां हैं, लेकिन चुनौतियों के बीच काम करने में ही वास्तविक आनंद मिलता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का आना-जाना स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन सरकार का प्रयास है कि झारखंड में अधिक से अधिक अच्छे मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और योग्य चिकित्सक उपलब्ध हों। इसके लिए स्वास्थ्य संरचना को हर स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, विधायक सविता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष श्री मदन मोहन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ को झारखंड के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में मील का पत्थर करार दिया।

