बाल विवाह के खिलाफ किशोरियों को दिया गया नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रशिक्षण
पोटका से सुरेश कुमार महापात्र की रिपोर्ट
सामाजिक संस्था “यूथ यूनिटी फॉर वालंटरी एक्शन” द्वारा संचालित “प्रिवेंटिंग टू चाइल्ड मैरिज एंड अर्ली यूनियन” पहल के अंतर्गत 23 एवं 24 मार्च 2026 को युवा ऑफिस, हाता में दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण विशेष रूप से किशोरियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास का विकास करना, उनकी सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा उनके संचार कौशल को प्रभावी बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नुक्कड़ नाटक की मूलभूत तकनीकों, प्रभावशाली अभिव्यक्ति, मंच संचालन, संवाद प्रस्तुति और टीमवर्क के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन अनुभवी प्रशिक्षक बिक्रम कुमार झा द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को सशक्त ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किशोरियां पूरे आत्मविश्वास, ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी बात समाज के सामने रखें, ताकि उनका संदेश स्पष्ट और प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अभ्यास सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने समूह में मिलकर लघु नाटकों की तैयारी की और उनका सफल प्रदर्शन भी किया। इन गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास हुआ।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम ने उन्हें अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने यह भी कहा कि अब वे सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखने में अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चाँदमनी सवैयाँ ने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल किशोरियों के व्यक्तिगत विकास में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि बाल विवाह और अर्ली यूनियन जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के कार्यकर्ता अवंती सरदार, रीला सरदार, किरण सरदार और अरूप मंडल की अहम भूमिका रही।

