बरही में स्ट्रीट लाइट मरम्मत को लेकर विधायक मनोज यादव ने की उपायुक्त से मुलाकात
सीएसआर मद से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत की उठाई मांग
बरही
बरही विधायक मनोज यादव ने हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह से शिष्टाचार मुला,कात कर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने बरही शहरी क्षेत्र में सीएसआर मद से लगाए गए स्ट्रीट लाइटों की जर्जर स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया। विधायक ने बताया कि एनटीपीसी द्वारा पूर्व में सीएसआर मद से लगाए गए स्ट्रीट लाइट अब काफी पुराने हो चुके हैं और अधिकांश लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके कारण बरही शहरी इलाके में रात्रि के समय अंधकार छाया रहता है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही अंधेरे की वजह से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से इस समस्या को गंभीर बताते हुए सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत सीएसआर मद से कराने की मांग की। विधायक मनोज यादव ने कहा कि स्ट्रीट लाइटों के दुरुस्त होने से न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। इसके अलावा विधायक ने हाल के दिनों में बरही क्षेत्र के मजदूरों को रेस्क्यू किए जाने में प्रशासन द्वारा किए गए सार्थक प्रयासों के लिए उपायुक्त का आभार भी व्यक्त किया। इस पर उपायुक्त हजारीबाग शशि प्रकाश सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए दोनों ही जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।

