गतका प्रतियोगिता में संत मरियम के खिलाड़ियों ने जीता 7 पदक, नेशनल चैंपियनशिप में लेंगे भाग
मेदिनीनगर
संत मरियम स्कूल के खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित झारखंड राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता (23–24 अगस्त, धनबाद) में शानदार प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का मान बढ़ाया। कुल 7 खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में पदक जीता। आज विद्यालय प्रांगण में आयोजित विशेष असेंबली में प्राचार्य कुमार आदर्श के द्वारा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। श्री आदर्श ने बच्चों को आशीर्वाद और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संत मरियम स्कूल के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर जो उपलब्धि हासिल की है, वह हमारे लिए गर्व की बात है। यह जीत केवल पदक जीतना नहीं है, बल्कि यह हमारे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और संकल्प का परिणाम है। अब हमारा विश्वास और भी मजबूत हो गया है कि ये खिलाड़ी दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
विजेता खिलाड़ियों की सूची में स्वर्ण पदक अतुल सिंह, रजत पदक रौशन कुमार मांझी, रोहित पासवान, कुशाग्र कुमार शुक्ला, राजवीर कुमार पासवान, आर्यन कुमार, पुष्कर कुमार, कांस्य पदक अभिनव सिंह शामिल हैं। इन सभी विजेताओं ने अंडर-11, अंडर-14 और अंडर-17 वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। अब ये सभी विजेता खिलाड़ी आगामी 10 से 12 अक्टूबर 2025 को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। बच्चों को सम्मानित करने के दौरान खेल प्रशिक्षक सुमित वर्मन, अन्य शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।