सोनू कुमार की रिपोर्ट
लोहरदगा/भंडरा: आगामी 16 जुलाई बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रथ मेला की प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भंडरा थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपायुक्त संदीप कुमार मीना और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने की।बैठक में डीसी और एसपी के साथ उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, एसडीओ अमित कुमार, डीएसपी समीर तिर्की, इंस्पेक्टर पुष्पलता, भंडरा बीडीओ प्रतिमा कुमारी, सीओ दुर्गा कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार तथा सब इंस्पेक्टर रविकांत और शाकिर अली सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
मेला की सुरक्षा और विधि- व्यवस्था पर दिशा-निर्देश।
बैठक के दौरान डीसी संदीप कुमार मीना और एसपी सादिक अनवर रिजवी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला परिसर में शांति-व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। मेला स्थल के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुख्य मार्गों और मंदिर परिसर के पास विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी ताकि आवागमन सुगम रहे और रंथ को मौसी बड़ी लेजाने में कोई दिक्कत ना हो। विभिन्न सेक्टरों में अधिकारियों को तैनात किया गया है। बीडीओ और सीओ को मेला क्षेत्र में पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं थाना प्रभारी को ट्रैफिक और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।डीसी संदीप कुमार मीना ने कहा, मेला शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा, मेले में विधि- व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी जवान तैनात रहेंगे। साथ ही डीडीसी राज महेश्वरम ने कहा, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।
गणमान्य नागरिकों और मेला समिति की राय।
मेला समिति के सदस्य किशोरी मोहन शर्मा और ईश्वरी मोहन शर्मा ने कहा कि प्रशासन के सहयोग से इस बार का रथ मेला और अधिक व्यवस्थित होगा। समाज सेवी आफताब आलम और बालकृष्ण सिंह ने कहा कि मेला को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीण और स्वयंसेवक प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। जुगल भगत ने कहा कि भंडरा का रथ मेला हमारी सांस्कृतिक पहचान है, जिसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाना हमारा सामूहिक कर्तव्य है। मेला समिति के प्रशिक्षित वॉलंटियर्स को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो भीड़ नियंत्रण और सहायता डेस्क पर तैनात रहेंगे। मेला स्थल पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहाँ से स्वास्थ्य विभाग की टीम और एम्बुलेंस हर समय उपलब्ध रहेगी। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की इस बैठक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि 16 जुलाई को आयोजित होने वाला रथ मेला पूरी तरह से सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।
