रहस्यमय ढंग से लापता हुईं गोमिया की मुखिया सपना कुमारी सकुशल बरामद
रांची पुलिस की मदद से बोकारो पुलिस ने खोज निकाला
बोकारो/रांची
गोमिया प्रखंड के पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी, जो बीते 2 अक्टूबर से रहस्यमय तरीके से लापता थीं, को आखिरकार पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। यह खबर सामने आते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मुखिया सपना कुमारी के अचानक लापता होने के बाद उनके परिजन और ग्रामीण गहरी चिंता में थे। घटना की सूचना पाकर गोमिया थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश की। इसी बीच मिली गुप्त सूचना के आधार पर बोकारो पुलिस ने रांची पुलिस की सहायता से रांची से सपना कुमारी को बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद सपना कुमारी को पुलिस सुरक्षा में उनके परिजनों को सौंपा गया। फिलहाल वह अपने माता-पिता के साथ लौट आई हैं, और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि उनके अचानक लापता होने के कारणों का खुलासा हो सके।
सपना कुमारी के परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। परिवार ने बताया कि उनके लिए यह कुछ दिनों का समय अत्यंत कठिन और चिंता से भरा रहा। ग्रामीणों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
उल्लेखनीय है कि मुखिया सपना कुमारी हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड क्षेत्र की बेटी हैं। उनके पिता कंडाबेर पंचायत के मुखिया हैं। इस वजह से यह मामला न केवल बोकारो बल्कि हजारीबाग क्षेत्र में भी सुर्खियों में रहा।
पुलिस ने कहा है कि पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सपना कुमारी के लापता होने के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल उनके सकुशल मिलने से परिवार में राहत और खुशी का माहौल है।

