सेवा सप्ताह के तहत बरही में बाल संस्कार केंद्रों पर बच्चों को वितरित किए गए नवीन वस्त्र
बरही
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सेवा सप्ताह के तृतीय दिवस पर बरही क्षेत्र में सेवा उपक्रम के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों के बीच नवीन वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन संघ की उस भावना को चरितार्थ करता है, जिसमें समाज के पिछड़े और पीड़ित वर्ग को साथ लेकर चलने का संकल्प व्यक्त किया गया है। सेवा सप्ताह के तहत बरही के चार बाल संस्कार केंद्रों—शिव मुहल्ला बेंदगी, पुरहारा, अंबेडकर नगर एवं शबरी नगर में बच्चों के बीच वस्त्र वितरण समारोह संपन्न हुआ।
स्वयंसेवकों के माध्यम से बरही के सेवाभावी व्यावसायिक बंधुओं से संग्रहित नए वस्त्र बच्चों को प्रदान किए गए। इस सेवा उपक्रम में डॉ. विनोद साव, त्रिवेणी साव, अरविन्द कुमार, रविशंकर साहु, बसंत सिंह, राजेन्द्र केशरी सहित अन्य स्वयंसेवक व समाजसेवी बंधु उपस्थित रहे। वहीं शबरी नगर संस्कार केंद्र में राष्ट्र सेविका समिति की मातृशक्ति सुश्री कशिश केशरी एवं श्रीमती रेणु देवी के द्वारा बच्चों को वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से संघ द्वारा समाज के वंचित वर्गों के बच्चों को सहयोग प्रदान करते हुए सेवा और समरसता का संदेश दिया गया।

