आईसीटी चैंपियनशिप में हजारीबाग के अक्षय कुमार ने झारखंड में किया टॉप
दी आर्य भट्ट इंस्टिट्यूट के छात्र ने 94.44 प्रतिशत अंक के साथ हासिल किया प्रथम स्थान, क्षेत्र में खुशी की लहर
बरही
झारखंड सरकार द्वारा आयोजित इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (आईसीटी) चैंपियनशिप टेस्ट में हजारीबाग रोड स्थित दी आर्य भट्ट इंस्टिट्यूट ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एवं साइंस के छात्र अक्षय कुमार सिंह ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अक्षय ने परीक्षा में 94.44 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड के सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
अक्षय कुमार सिंह, ग्राम खम्भवा निवासी दीपक कुमार सिंह के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से संस्थान, विद्यालय, परिवार और पूरे बरही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार आईसीटी चैंपियनशिप टेस्ट का आयोजन चार चरणों में किया गया था। पहले चरण में विद्यालय स्तर पर परीक्षा हुई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन ब्लॉक स्तर के लिए किया गया। इसके बाद ब्लॉक स्तर के टॉपर विद्यार्थियों का चयन जिला स्तर पर हुआ और जिला स्तर पर सफल प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अक्षय कुमार सिंह ने सभी चरणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अक्षय की इस सफलता के पीछे संस्थान के कंप्यूटर साइंस शिक्षक सुधीर राणा के मार्गदर्शन और मेहनत को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उन्होंने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ कंप्यूटर कौशल और तकनीकी ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना समय की मांग है। संस्थान के संचालक अरुण शर्मा ने अक्षय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे बरही क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, “हमारे संस्थान के विद्यार्थी लगातार विभिन्न विषयों में जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में दक्ष और परिपक्व बनाना है। अक्षय कुमार सिंह की इस उपलब्धि पर संस्थान के उपनिदेशक कुंदन कुमार समेत शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

