उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, एर्टिगा कार से 475 लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद
वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार, शराब और वाहन जब्त, आरोपियों की पहचान में जुटा विभाग
हजारीबाग
हज़ारीबाग जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश एवं सहायक आयुक्त उत्पाद के मार्गदर्शन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोर्रा थाना क्षेत्र में मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे सिंदूर चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी एर्टिगा को संदेह के आधार पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक गाड़ी नहीं रोककर भागने लगा।
उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान चालक कटकमदाग थाना क्षेत्र के सालगांव स्थित हाई स्कूल के समीप गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने वाहन की विधिवत तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब से भरे कार्टन बरामद हुए। जांच में 55 कार्टन में लंदन ब्रेवरेज निर्मित जॉर्ज विलियम ब्रांड की 180 एमएल पैकिंग वाली कुल 475.2 लीटर अवैध विदेशी शराब तथा रॉयल ग्रीन ब्रांड की 375 एमएल की 6 बोतलें बरामद की गईं। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।
विभाग द्वारा मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक भुनेश्वर नायक, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग ने कहा है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

