राज्यपाल से मिले ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि, 9 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन
हजारीबाग
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने सोमवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 9 सूत्री ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में ब्राह्मण समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार से विशेष पहल करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ब्राह्मण महासभा के संयोजक मनोज पाण्डेय तथा अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने किया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को बताया कि राज्य में ब्राह्मण समाज के एक बड़े वर्ग की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति संतोषजनक नहीं है
ऐसे में समाज के संरक्षण, उत्थान और सशक्तिकरण के लिए सरकार की ओर से विशेष सहयोग की आवश्यकता है। प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के समक्ष 9 प्रमुख मांगें रखीं। इनमें राज्य में ब्राह्मण आयोग के गठन, धार्मिक न्यास परिषद में साधु-संतों की नियुक्ति, सभी मठ-मंदिरों में कार्यरत पुजारियों को न्यूनतम 25 हजार रुपये मासिक मानदेय सुनिश्चित करने, बीपीएल श्रेणी के ब्राह्मण परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति देने तथा आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मण परिवारों को शिक्षा और विवाह के लिए सरकारी सहायता प्रदान करने की मांग शामिल है। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस को सरकारी अवकाश घोषित करने, राज्य की राजधानी में भगवान परशुराम मंदिर, धर्मशाला एवं गौशाला निर्माण के लिए 11 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि की नियुक्ति करने तथा पहली से दसवीं कक्षा तक संस्कृत विषय को पूर्व की भांति अनिवार्य रूप से लागू करने की भी मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार राज्यपाल ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित आवेदन को राज्य सरकार तथा मुख्यमंत्री के समक्ष अग्रसारित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित और समाजहित से जुड़े विषयों पर उचित स्तर पर विचार किया जाएगा। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश प्रभारी देवचरण पाण्डेय, विपिन पाण्डेय, रौशन पाण्डेय सहित समाज के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल होगी।

