जन्मदिन पर सेवा कार्य : भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर ने आदिवासी परिवारों के बीच बांटे कंबल
बरही
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर ने अपने जन्मदिन के अवसर पर समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए रानीचुंवा पंचायत अंतर्गत कुरहरिया रामुटोला में आदिवासी समाज के जरूरतमंद परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए आयोजित इस सेवा कार्यक्रम से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली और क्षेत्र में सराहना का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर रमेश ठाकुर ने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए जनसेवा से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और गरीब कल्याण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष मुन्ना यादव, अरविंद कुमार, सचिन यादव समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दर्जनों लाभुकों को कंबल प्रदान किए गए, जिन्होंने इस मानवीय पहल के लिए रमेश ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया। इधर, रमेश ठाकुर के जन्मदिन को लेकर सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का तांता लगा रहा। फेसबुक, व्हाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते नजर आए।

