बरही शिवाजी व्यवसायी शाखा ने किया सेवा प्रकल्प का आयोजन, छात्रावास के बच्चों के साथ बिताया प्रेरणादायक समय
बरही
बरही शिवाजी व्यवसायी शाखा के द्वारा सेवा उपक्रम के अंतर्गत रविवार, 4 जनवरी 2026 को विश्व हिंदू परिषद के सेवा प्रकल्प बिरसा विद्या मंदिर छात्रावास, डेमोटांड़ (हजारीबाग सदर) का भ्रमण एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्रावास में रह रहे 47 विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। पूछताछ के उपरांत सामूहिक रूप से गीत, भजन, खेल, सुभाषित, प्रेरक प्रसंग एवं जय घोष जैसे कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अत्यंत सुंदर भजन की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सेवा उपक्रम के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों के बीच बिस्कुट पैकेट का वितरण किया गया। साथ ही शाखा के पदाधिकारियों ने भविष्य में पुनः छात्रावास पहुंचकर नवीन वस्त्र वितरण करने की योजना की जानकारी भी दी। इस सेवा उपक्रम में क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव, विहिप जिला सह मंत्री गुरुदेव, जिला बौद्धिक प्रमुख सुबोध, शाखा के मुख्य शिक्षक कुंदन, शाखा कार्यवाह सुभाष तथा सहायक गणशिक्षक बसंत की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास और सामाजिक समरसता का भाव विकसित करना रहा, जिसे उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सराहा।

