जवाहर पुल पर केमिकल टैंकर पलटा, दो युवकों ने चालक को निकालने में किया मदद
बरही
बरही के जवाहर घाट पुल पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेल व केमिकल से लदा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पुल पर बने डिवाइडर से टकरा गया और सड़क किनारे पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा केमिकल सड़क पर फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा ऐसी जगह हुआ जहां किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। टैंकर के पलटने के बाद उसके लीक होने से केमिकल चारों ओर फैल गया, जिससे राहगीरों और वाहनों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया।
इसी बीच मानवता और साहस की मिसाल पेश करते हुए तिलैया के दो युवकों ने तत्परता दिखाकर एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। बताया जाता है कि तिलैया नवादा बस्ती निवासी विकास यादव और बिशुनपुर रोड स्थित आश्रम दुर्गा मंडप के पास रहने वाले अंकुर सिंह उसी रास्ते से तिलैया लौट रहे थे। जैसे ही उनकी नजर दुर्घटनाग्रस्त टैंकर पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए टैंकर में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते चालक को बाहर नहीं निकाला जाता, तो केमिकल रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। विकास यादव और अंकुर सिंह की इस बहादुरी और मानवता की हर ओर सराहना हो रही है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही बरही पुलिस पहुंची। समाचार लिखे जाने तक टैंकर को हटाया जा रहा था।

