सोनू कुमार की रिपोर्ट
भंडरा/लोहरदगा: जिला टॉपर तनिषा कुमारी 97% की ऐतिहासिक सफलता की गूंज अब प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गई है। तनिषा की इस असाधारण उपलब्धि पर उन्हें शाबाशी देने के लिए खुद भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार उनके आवास पहुंचे। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने तनिषा के घर जाकर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और फूल- माला पहनाकर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने तनिषा के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी मेधावी बेटियां न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे राज्य का गौरव हैं। उन्होंने तनिषा को समाज के लिए एक रोल मॉडल बताया।
पुलिस विभाग ने दी शुभकामनाएं, भावुक हुआ परिवार।
सम्मान समारोह के दौरान थाना प्रभारी ने कहा, सीमित संसाधनों के बावजूद छोटे शहर की बेटी ने जिला टॉप कर यह साबित कर दिया कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। पुलिस प्रशासन को ऐसी प्रतिभाओं पर गर्व है। भंडरा पत्रकार संजय साहू और तनिषा के माता-पिता ने थाना प्रभारी के इस आत्मीय कदम की सराहना की। परिवार का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी का घर आकर बच्चे का उत्साहवर्धन करना तनिषा के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। इससे न केवल तनिषा, बल्कि क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं में भी बेहतर करने का जज्बा पैदा होगा। इस मौके पर स्थानीय ग्रामीण और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सम्मान को भंडरा के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया।
