सोनू कुमार की रिपोर्ट
भंडरा (लोहरदगा): कहते हैं मौत कभी बताकर नहीं आती, लेकिन जब मौत बाइक के वाइजर से फन फैलाकर बाहर निकले, तो कलेजा मुंह को आ जाता है। लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही रूह कंपा देने वाला वाकया सामने आया, जिसे देखकर इलाके के लोग अब अपनी बाइक छूने से भी कतरा रहे हैं। अब्दुल कुद्दूस अपनी पैशन प्रो बाइक से शान से दुकान की ओर बढ़ रहे थे। कुछ दूर जाते ही उन्हें अपनी बाइक के अगले हिस्से में कुछ हलचल महसूस हुई। जब नजर पड़ी तो उनकी चीख निकल गई—एक जिंदा सांप हैंडल के पास रेंग रहा था, अब्दुल ने आनन-फानन में जैसे-तैसे बाइक खड़ी की और जान बचाकर ऐसे भागे कि पीछे मुड़कर नहीं देखा।
कलम छोड़, रिंच-पेचकश लेकर कूदे शकील अहमद।
दहशत के इस माहौल में अब्दुल ने भंडरा के स्थानीय पत्रकार शकील अहमद को फोन किया। शकील ने बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचकर जो किया, उसने सबको हैरान कर दिया। जहां लोग सांप देखते ही डंडा उठा लेते हैं, वहां शकील ने रिंच और पेचकश उठाया। जान जोखिम में डालकर बाइक की टंकी और वाइजर को खोला गया। काफी जद्दोजहद के बाद उस बिन बुलाए मेहमान को सुरक्षित बाहर निकाला गया, शकील ने न सिर्फ इंसान की जान बचाई, बल्कि सांप को भी चोट नहीं लगने दी और उसे दूर वीरान जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
हुजूम ने किया सलाम, हो तो ऐसा पत्रकार।
इस दिलेरी को देखने के लिए वहां लोगों का तांता लग गया। ग्रामीणों ने शकील अहमद की जमकर तारीफ की। वहीं, पत्रकार शकील अहमद ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा— सांप को मारिए मत, ये भी जान है। कहीं भी दिखे तो बस एक कॉल कीजिए, शकील अहमद हाजिर मिलेगा।
