साधु के भेष में ठगी करने पहुंचे तीन अपराधी गिरफ्तार, महिला से ठगा गया सोने का जेवर बरामद
हजारीबाग
हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र अंतर्गत हुरहुरु में साधु का भेष धारण कर एक महिला को ठगी का शिकार बनाने पहुंचे तीन अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से महिला से ठगा गया सोने का जेवर तथा अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को अपराह्न करीब 3:30 बजे हुरहुरु निवासी गुड़िया देवी के पति ने बड़ा बाजार ओपी पुलिस को सूचना दी कि तीन व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे थे। बातचीत और धार्मिक बातों में उलझाकर उन्होंने उनकी पत्नी गुड़िया देवी से सोने का जेवर (जीतिया) ठग लिया और लेकर फरार हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर बड़ा बाजार ओपी और मुफ्फसिल थाना की संयुक्त पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान पता चला कि तीनों आरोपी साधु के भेष में आए थे और महिला को झांसे में लेकर सोने का जेवर ठगकर भाग निकले थे। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए दिशा में आरोपियों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान क्षितिज अस्पताल के समीप एक टोटो में सवार तीन संदिग्ध साधु पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ के दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में गुड़िया देवी से ठगा गया सोने का जीतिया एवं अन्य लॉकेट बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी साधु का वेश धारण कर लोगों को धार्मिक और अंधविश्वास संबंधी बातों में उलझाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलेट्री लाठौर पिता-दर्शन लाठौर, निवासी सैरया, थाना अमझार, जिला रोहतास, अखिलेश लाठौर पिता-नंदू लाठौर, निवासी बिगेरा, थाना अमझार, जिला रोहतास तथा तितई लाठौर पिता-गुलछेतर लाठौर, निवासी बिगेरा, थाना अमझार, जिला रोहतास के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने का जीतिया मोती लगी माला सहित तथा सोने जैसा दिखने वाला सात छोटे-छोटे लॉकेट बरामद किए हैं। इस संबंध में सदर (बड़ा बाजार) थाना कांड संख्या 146/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। इस सफल कार्रवाई में बड़ा बाजार ओपी प्रभारी पु.अ.नि. मुकेश कुमार रजक, मुफ्फसिल थाना प्रभारी पु.अ.नि. मुकेश कुमार सिंह, पु.अ.नि. सुधीन कुमार सहित बड़ा बाजार ओपी एवं मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ठगी का शिकार हुई महिला का जेवर बरामद कर लिया गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

