मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भाजपा नेत्री शेफ़ाली गुप्ता की तीखी प्रतिक्रिया
हज़ारीबाग
झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी द्वारा भाजपा की महिला विधायकों को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा नेत्री शेफ़ाली गुप्ता ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल महिला विधायकों का अपमान है, बल्कि महिलाओं की राजनीतिक समझ, स्वतंत्र सोच और निर्णय क्षमता पर भी सवाल खड़ा करता है। शेफ़ाली गुप्ता ने कहा कि किसी राजनीतिक दल के सामूहिक निर्णय को महिला विधायकों के चरित्र और निजी भावनाओं से जोड़ना बेहद आपत्तिजनक और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री से ऐसी टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
उन्होंने इरफान अंसारी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन परिमल नाथवानी जी को लेकर आज आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें वर्ष 2008 में तत्कालीन झामुमो-कांग्रेस समर्थित सरकार ने एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया था। इतना ही नहीं, झामुमो ने अपने उम्मीदवार की कीमत पर भी उनका समर्थन किया था। वर्ष 2014 में भी उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारा गया था, जो उनके योगदान और विकासोन्मुखी कार्यों के प्रति मौन समर्थन माना गया।
भाजपा नेत्री ने कहा कि आज यदि विधायक झारखंड के विकास, उद्योग और राज्यहित को ध्यान में रखकर किसी उम्मीदवार का समर्थन करते हैं, तो उसे गलत अर्थ देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर टिप्पणी करना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हो सकता। शेफ़ाली गुप्ता ने कहा “जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी।” व्यक्ति दूसरों में वही देखता है, जो उसके अपने मन में होता है। उन्होंने मंत्री इरफान अंसारी से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की।

