आदर्श इंटर कॉलेज इचाक की पूर्व छात्रा रेखा कुमारी बनीं महिला सुपरवाइजर
इचाक
आदर्श इंटर कॉलेज इचाक सह सीएम आदर्श उच्च विद्यालय की पूर्व छात्रा रेखा कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर महिला सुपरवाइजर पद पर सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड में हुआ है। रेखा कुमारी ने वर्ष 2014 में सीएम आदर्श उच्च विद्यालय इचाक से मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। इसके बाद वर्ष 2016 में आदर्श इंटर कॉलेज इचाक, हजारीबाग से इंटरमीडिएट की परीक्षा भी प्रथम श्रेणी से पास की। शुरू से ही मेधावी रही रेखा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर परिश्रम कर यह उपलब्धि हासिल की।
कॉलेज के शिक्षक प्रो. मनोज कुमार के इस कथन कि “लोग उसी को महत्व देते हैं, जो परिश्रम कर अपनी मंजिल प्राप्त करते हैं” से प्रेरित होकर रेखा ने दिन-रात मेहनत की। वहीं विद्यालय के शिक्षक ओंकार मेहता के मार्गदर्शन में गृह विज्ञान विषय का चयन कर अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ती रहीं। इचाक प्रखंड के दरिया गांव निवासी रेखा कुमारी के पिता मुरली ठाकुर नाई का कार्य करते हैं, जबकि माता मीना देवी गृहिणी हैं। मीना देवी ने कहा कि आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाने-लिखाने में कोई कमी नहीं आने दी और आज उनकी मेहनत रंग लाई है।
रेखा की इस सफलता पर आदर्श इंटर कॉलेज के प्राचार्य मनीष कुमार तथा सीएम आदर्श उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक जीवन कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रेखा की उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर मुन्ना पांडे, वासुदेव पांडे, कुमारी अंजली, सुलेखा कुमारी, राजेश प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार दास, बैजनाथ प्रसाद मेहता, रामचंद्र पासवान, बिंदु वर्मा, अनीता कुमारी मेहता, ममता मेहता, प्रफुल्ल कुमार मेहता, चिंतन कुमारी, युगेश कुमार, संगीता कुमारी, खुर्शीद आलम सहित अनेक लोगों ने रेखा कुमारी को बधाई देते हुए उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।

