बेहतर कार्य के लिए तीन पंचायतों के मुखिया सम्मानित
बोकारो-
पप्पू वर्मा
चंद्रपुरा प्रखंड सभागार में सोमवार, 8 सितंबर 2025 को अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा के निर्देशानुसार पंचायत उन्नति सूचकांक विषय पर प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख चांदनी परवीन ने की। अपने संबोधन में प्रमुख चांदनी परवीन ने कहा कि पंचायत का विकास प्रखंड और जिले के विकास की नींव है। पंचायत स्तर पर किए गए कार्यों से ही क्षेत्र में समग्र प्रगति संभव है। इस मौके पर चंद्रपुरा, नर्रा और तेलों पूर्वी पंचायत को बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में बाल विवाह की रोकथाम पर जोर देते हुए कहा कि यह एक अपराध है और यदि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित किया जाए। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते हुए कहा कि सरकार ने पंचायत चुनावों में 50% आरक्षण देकर महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
अब महिलाओं को स्वयं आगे आकर नेतृत्व की जिम्मेदारी निभानी होगी।कार्यशाला में चंद्रपुरा उप प्रमुख रिंकी कुमारी, प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार अंसद, कनिष्ठ अभियंता हिमांशु शंकर यादव, किरण कुमारी सहित सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, वेली, पशुपालन पदाधिकारी, कल्याण पदाधिकारी, जन सेवक, राजस्व कर्मचारी, आंगनबाड़ी सेविका, स्वास्थ्य विभाग के नर्स, कृषि पदाधिकारी और ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा, प्रमुख चांदनी परवीन, उप प्रमुख रिंकी कुमारी, नर्रा मुखिया निरंजन महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को गुलदस्ता, बुके, सर्टिफिकेट और सॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

