डॉ. एस. राधाकृष्णन कॉलेज में जीवन विज्ञान शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन
पप्पू वर्मा, बोकारो
बोकारो :डॉ. एस. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चिकसिया, चास में अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में जीवन विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय “जीवन विज्ञान शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला” का शनिवार को उत्साहपूर्वक समापन हुआ।
द्वितीय दिवस की शुरुआत मुख्य प्रशिक्षिका डॉ. हंसा संचेती एवं सहायक प्रशिक्षिका पूजा दुगड़ ने प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और यौगिक क्रियाकलापों का अभ्यास करवाते हुए की। इन गतिविधियों को जीवन विज्ञान से जोड़ते हुए उन्होंने छात्रों को मानसिक एकाग्रता, स्मृति शक्ति एवं मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने नैतिक आचरण और जीवन विज्ञान विषय पर विचार-विमर्श किया। समापन अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक रमेश पटवारी, सह-संयोजक कमल बैंगानी सहित कई पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र एवं महाविद्यालय प्रबंधन के सदस्य ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
महाविद्यालय प्राचार्य ने इस पहल को समाज के उत्थान हेतु आवश्यक बताते हुए युवाओं को ऐसी कार्यशालाओं से जुड़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में डॉ. कुमारी चायना दे एवं कुमारी भारती ने प्रशिक्षिकाओं का सम्मान किया जबकि रीमा रानी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय सचिव राजकुमार, सदस्य विनय कुमार सिंह, संजय बैद, प्रकाश कोठारी सहित शिक्षक, गैर-शिक्षकगण एवं विभिन्न सत्रों के छात्र उपस्थित रहे।

