अर्धवार्षिक ज्ञान आधारित स्टेकहोल्डर मीटिंग का आयोजन
पप्पू वर्मा कसमार बोकारो
कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत भवन में अर्धवार्षिक ज्ञान आधारित स्टेकहोल्डर मीटिंग का आयोजन सहयोगिनी संस्था के द्वारा किया गया। बैठक में पंचायत जनप्रतिनिधि, मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्य, सेविका-सहिया, महिला समूह की दीदियाँ एवं अभिभावक शामिल हुए।
मीटिंग की अध्यक्षता दुर्गापुर पंचायत के मुखिया अमरेश कुमार महतो उर्फ अमरलाल जी ने की। उन्होंने कहा कि किशोरियों और महिलाओं को अपने हक और अधिकार के लिए आगे आना होगा। किशोरावस्था लड़कियों के जीवन का सबसे अहम समय है, जहाँ से वे अपने भविष्य और करियर को बेहतर दिशा दे सकती हैं।
इस मीटिंग में किशोरियों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों जैसे घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई। हितधारकों ने आपसी समन्वय के साथ अधिक से अधिक परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का संकल्प लिया।
उपमुखिया पंचानन महतो ने कहा कि सभी हितधारक मिलकर पंचायत की किशोरियों और महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था प्रखंड के 30 गाँवों में किशोरियों व युवा महिलाओं की नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर काम कर रही है। उन्हें सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना, कन्यादान योजना, स्कॉलरशिप, साइकिल योजना, स्वरोजगार योजना एवं कौशल विकास योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। जीवन कौशल प्रशिक्षण से किशोरियों में संचार कौशल, निर्णय लेने की क्षमता और समस्या समाधान की योग्यता विकसित की जा रही है।
एनिमेटर बिनीता देवी ने कहा कि समूह बनाकर किशोरियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और हिंसा की रोकथाम की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैठक में उपमुखिया पंचानन महतो, वार्ड सदस्य रंजू देवी, रविता देवी, पविता देवी, सेविका उषा बाला देवी, एनिमेटर बिनीता देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, पुष्पा देवी, सेविका किरण देवी, शांति देवी, न्यूनुवाला देवी, दीपक कुमार महतो, विनोद महतो सहित कई लोग उपस्थित रहे।

