महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम: दीपूगढ़ा में एलआर मेकओवर स्टूडियो एंड अकादमी का शुभारंभ
समाजसेवी सह भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने फीता काटकर किया उद्घाटन, संस्थान महिलाओं को हुनरमंद और सशक्त बनाने की पहल
हजारीबाग
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हजारीबाग में एक और नई पहल की गई है। शनिवार को दीपूगढ़ा स्थित एलआर मेक ओवर स्टूडियो एंड एकेडमी का उद्घाटन समाजसेवी सह भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने फीता काटकर किया। यह संस्थान महिलाओं को सौंदर्य एवं मेकअप कला की शिक्षा प्रदान करेगा और प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराएगा।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मज़बूत और आत्मनिर्भर बनाने में होगी अहम भूमिका : शेफाली
उद्घाटन के मौके पर शेफाली गुप्ता ने कहा कि इस तरह के संस्थान महिलाओं को आर्थिक रूप से मज़बूत और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं यहां से ब्यूटी और मेकअप से जुड़ी कला सीखकर रोज़गार के नए अवसर प्राप्त कर सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकती हैं।
श्रीमती गुप्ता ने इसे समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कड़ी बताया। संस्थान की संस्थापिका लवली कुमारी ने कहा कि एलआर मेक ओवर स्टूडियो एंड एकेडमी का उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर रोज़गार के प्रति प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि यहां प्रशिक्षकों द्वारा आधुनिक मेकअप तकनीक, हेयर स्टाइलिंग और ब्यूटी थेरेपी की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि महिलाएं स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ सकें। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय महिलाएं, समाजसेवी और युवतियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी को संस्थान की ओर से प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी दी गई।

