तुकबेरा गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत,हत्या कर जेसीबी से दलदल में दफनाने का आरोप,पति का अन्य युवती से प्रेम बनी हत्या की वजह
झारखंड न्यूज 24
विश्रामपुर
पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में एक नवविवाहिता की मौत को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतका की पहचान पांडु थाना क्षेत्र के दरुआ गांव निवासी द्वारिका मेहता के 26 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी उर्फ पूजा कुमारी के रूप में हुई है। मृतका का विवाह वर्ष 2019 में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भूखला गांव निवासी रामकेश मेहता के पुत्र रंजीत मेहता से हुई थी। परिजनों तथा ग्रामीण सूत्रों के अनुसार पूजा की मौत सामान्य नहीं थी।
आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को नावा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा गांव के डराइ टोला के आसपास ही जेसीबी द्वारा दलदल जमीन में गुपचुप तरीके से दफना दिया गया था। ताकि घटना को छुपाया जा सके। जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पांडु,विश्रामपुर व नावा बाजार पुलिस सक्रिय हुई और प्रशासनिक जांच समिति की निगरानी में जेसीबी मशीन से शव को दलदल से बाहर निकाला गया। शव निकाले के बाद उसका पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच कराया जाएगा, जिससे मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
जांच के दौरान एक अन्य तथ्य भी सामने आया है कि मृतका के पति रंजीत मेहता का कथित प्रेम संबंध किसी अन्य युवती से था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इसे भी जांच के दायरे में रखा गया है। मृतका के परिवार और ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इस संबंध में मृतिका के मायकेवालों ने मृतिका के पति रंजीत,प्रेमिका सहित अन्य लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को दर्ज करते हुये साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

