भाजपा के 12 साल का हिसाब मांगे देश की जनता : विजय शंकर नायक
रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब इतिहास नहीं, बल्कि सरकार से उसके वादों का हिसाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने, महंगाई नियंत्रण और भ्रष्टाचार मुक्त शासन जैसे कई बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज भी इन मुद्दों पर जनता जवाब चाहती है।
नायक ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, नोटबंदी, जीएसटी की जटिलता, कोविड काल की चुनौतियां और युवाओं में बढ़ती निराशा भाजपा सरकार की प्रमुख विफलताएं रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने कार्यों का लेखा-जोखा देने के बजाय इतिहास और राजनीतिक नैरेटिव बदलने में अधिक रुचि दिखा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश में ऐसी राजनीति की जरूरत है जो रोजगार सृजन, महंगाई नियंत्रण, किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और मजदूरों को राहत देने के साथ-साथ संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है और सरकार की असली परीक्षा जनता के जीवन में आए बदलावों से होती है।

