पूर्व वर्तमान सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश मेहता ने नए थाना प्रभारी से की औपचारिक भेंट
इचाक
थाना में पदस्थापित नए थाना प्रभारी गौतम कुमार से भाजपा नेता सह पूर्व वर्तमान सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश मेहता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक भेंट की। पूर्व थाना प्रभारी राजदीप कुमार के हटाए जाने के बाद इचाक थाना क्षेत्र की वर्तमान विकट परिस्थितियों के बीच यह मुलाकात हुई।
इस अवसर पर ओम प्रकाश मेहता ने थाना प्रभारी गौतम कुमार को अंगवस्त्र (शॉल) भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान श्री मेहता ने थाना क्षेत्र की गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि वर्तमान समय में इचाक थाना क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या ब्राउन शुगर सहित अन्य नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन है। नशे की लत के कारण क्षेत्र के हजारों परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस दिशा में जिस प्रकार की सख्त पहल होनी चाहिए थी, वह नहीं हो सकी। श्री मेहता ने आगे कहा कि पूरे थाना क्षेत्र की जनता को नए थाना प्रभारी से बड़ी उम्मीदें हैं कि उनके नेतृत्व में नशे के खिलाफ जोरदार और निर्णायक अभियान चलाया जाएगा तथा इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा थाना क्षेत्र से जुड़ी अन्य जनसमस्याओं से भी थाना प्रभारी को अवगत कराया गया।
इस पर थाना प्रभारी गौतम कुमार ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिस विकट परिस्थिति में उन्हें इचाक थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ब्राउन शुगर सहित सभी प्रकार के नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर कानून के तहत जेल भेजने का कार्य किया जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि इस अवैध धंधे को जड़ से समाप्त करने के लिए वे अपने स्तर से कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. लेकिन इसके लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों के सहयोग की भी आवश्यकता होगी। उन्होंने सभी के साथ समन्वय और सामंजस्य बनाकर कार्य करने की बात कही।
इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व वर्तमान सांसद प्रतिनिधि सह मुखिया प्रतिनिधि ओम प्रकाश मेहता, भाकपा (माले) नेता लोकनाथ महतो, समाजसेवी महेश मेहता, भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी राहुल राणा, समाजसेवी संतोष मेहता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

