गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारी को लेकर जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
हजारीबाग
गणतंत्र दिवस 2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को उप विकास आयुक्त रिया सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले के सभी विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा 26 जनवरी, 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी कार्यक्रम स्थलों की साज-सज्जा, रंगाई-पुताई तथा नए राष्ट्रीय ध्वज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग के पदाधिकारियों को पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही गणतंत्र दिवस समारोह में परेड प्रदर्शन करने वाले विभिन्न प्लाटूनों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को परेड का अभ्यास समय पर एवं अनुशासित ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदर्शित होने वाली झांकियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को झांकियों का थीम प्रस्तुत करने को कहा गया। झांकियों के लिए ट्रेलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। राष्ट्रगान के लिए बालिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए थीम निर्धारित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर शराब एवं मांस-मदिरा की दुकानों को बंद रखने, शहीद स्मारक एवं सभी महापुरुषों की मूर्तियों की साफ-सफाई कराने, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन हेतु चयन समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह सफलतापूर्वक एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में उपविकास आयुक्त के अलावे सदर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस, डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी एवं लोग उपस्थित रहे।

