रेनबो स्कूल बरही में शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
बरही
शिवपुर गडलाही स्थित रेनबो स्कूल बरही में शहीद दिवस के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के निदेशक सिकन्दर प्रसाद कुशवाहा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और त्याग का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को सही दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी महात्मा गांधी के जीवन दर्शन एवं उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शहीद दिवस हमें राष्ट्रपिता के बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। छात्रों को सत्य, अनुशासन, देशप्रेम और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौके पर उपस्थित शिक्षकों में गौरी शंकर, अरमान आलम, परवीन कुमार, शुभम कुमार, उषा यादव, सुधा यादव, विशाल कुमार, पृथ्वीराज अंजली, कुमारी श्वेता कुमारी, पंकज कुमार, सुजीत कुमार, राहुल प्रजापति एवं विनय सकलदेव शामिल रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी गांधीजी के विचारों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

