विकसित भारत के संकल्प को नई ऊँचाई देगा बजट 2026 : मनीष जायसवाल
हजारीबाग
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि यह बजट ‘विकसित भारत’ के विराट विजन को धरातल पर उतारने वाला एक सशक्त रोडमैप है। उन्होंने इस बजट को देश के आर्थिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया जो केवल वार्षिक आय-व्यय का विवरण मात्र नहीं है, बल्कि समावेशी और आत्मनिर्भर विकास की ओर बढ़ता एक साहसिक कदम है। सांसद मनीष जायसवाल ने बजट में वित्तीय अनुशासन के साथ-साथ सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने की सराहना की और कहा कि यह निवेश बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से रेखांकित किया कि सड़क, रेल, मेट्रो और बंदरगाहों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विस्तार के साथ-साथ इन्फ्रास्ट्रक्चर रिस्क गारंटी फंड जैसी पहल से कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स की दक्षता में अभूतपूर्व सुधार होगा।
औद्योगिक क्षेत्र में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और एमएसएमई के लिए 10,000 करोड़ रुपये के ग्रोथ फंड की घोषणा छोटे उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह बजट लघु एवं सीमांत किसानों, ग्रामीण उद्योगों और हस्तशिल्प क्षेत्रों को मजबूती देकर गांवों में समृद्धि के नए द्वार खोलेगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में ‘बायोफार्मा शक्ति’ जैसी पहल और शिक्षा व कौशल विकास पर केंद्रित योजनाएं भारत की युवा शक्ति को नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से नई उड़ान देंगी। सांसद मनीष जायसवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट विकास, निवेश और रोजगार के बीच एक आदर्श संतुलन स्थापित करते हुए भारत को दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में निर्णायक सिद्ध होगा। उन्होंने इस दूरदर्शी, जनहितकारी और सर्वस्पर्शी बजट के लि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति अपनी ओर से और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक आभार प्रकट किया है।

