विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने वाला लोकहितकारी बजट : रंजन चौधरी
हजारीबाग
हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को केंद्रीय आम बजट- 2026 पेश किया गया। आम बजट-2026 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने कहा कि यह लोकहितकारी बजट विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने वाला एक सशक्त दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह बजट आंकड़ों के साथ देश के युवा, किसान, महिला और मध्यम वर्ग के भविष्य को संवारने का एक ठोस रोडमैप है। शिक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप्स पर विशेष ध्यान देकर सरकार ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी है, जिससे आत्मनिर्भर भारत का मार्ग और प्रशस्त हुआ है।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के प्रावधान स्पष्ट करते हैं कि भारत अब वैश्विक पटल पर एक नई ऊँचाई छूने के लिए तैयार है। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु उठाए गए कदम ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को चरितार्थ करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत और छोटे उद्योगों (एमएसएमई ) को प्रोत्साहन देने वाली ये नीतियां रोजगार सृजन की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम हैं। यह दूरदर्शी बजट निश्चित रूप से भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस जनहितकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का कोटि-कोटि धन्यवाद।

